सोलन (कसौली). पश्चिम कमान की छावनी परिषदों के खुले में शौच से मुक्त होने पर कसौली में सम्मानित किया जाएगा. इसी सन्दर्भ में प्रधान निदेशालय, रक्षा संपदा पश्चिम कमान चंडीगढ़ के सौजन्य से छावनी परिषद कसौली में 16 सितंबर को सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. वीआईपी मूवमेंट के चलते छावनी परिषद कसौली में सुरक्षा की दृष्टि से कड़े इंतजाम किए है.
सवच्छ भारत अभियान के तहत पश्चिम कमान की छावनियों ने एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाते हुए, खुले में शौच मुक्त होकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. देश में चल रहे सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान में हिमाचल प्रदेश की छावनियों ने भी विशेष योगदान दिया है.
भारत में कुल मिलाकर 62 कैंट एरिया है. जिसमें से 7 हिमाचल में ही थे लेकिन कांगड़ा जिले के योल केंट को खत्म कर दिया गया है. प्रदेश में सम्पूर्ण खुले में शौच से मुक्त होने वाली छावनियों में कसौली,डगशाई ,सुबाथू,चम्बा जिले की डलहौजी,हिमाचल की राजधानी शिमला की जतोग छावनी शामिल है. केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली व केंद्रीय रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण स्वच्छता में पश्चिम कमान की आठ छावनियों को सम्मानित करेंगे.
8 छावनियां होंगी सम्मानित
चंडीगढ़ पश्चिम कमान के तहत 13 छावनियां है. जिसमें 8 कैंट सम्पूर्ण खुला शौच मुक्त घोषित किए गए है. इनमें कसौली ,डगशाई, सुबाथू, डल्हौजी, जतोग, जालंधर, फिरोजपुर व अमृतसर शामिल है.
छावनी परिषद कसौली के मुख्य अधिकारी अनुज गोयल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 16 सितंबर को सेंट् मेरी सीनियर सैकेंडरी स्कूल कसौली छावनी सभागार में सुबह 10 से 11 बजे तक एक घंटे तक आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में 8 छावनियों को सम्मानित किया जाएगा