ऊना. पुलिस थाना ऊना के तहत झलेड़ा में एसआईयू टीम ने पिकअप चालक से 205 पेटी अवैध देसी शराब की खेप बरामद की है. पुलिस ने मामले में आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि पिकअप व शराब को कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्राथमिक जांच में आरोपी की पहचान मनोज कुमार निवासी सलोह ऊना के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को एसआईयू टीम ने झलेड़ा के पास नाकाबंदी की हुई थी. इसी दौरान पुलिस ने एक पिकअप ट्रॉली को जांच के लिए रोका. जब जांच की तो ट्राली में अवैध रूप से 205 पेटी देसी संतरा मार्का शराब बरामद हुयी. जिस पर कार चालक कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका.
पुलिस की एसआईयू टीम में एचसी बृज भूषण, एचएचसी प्रमोद, अनिल, सौरव, अमित शामिल थे. पुलिस की कार्यवाही से नशा माफिया में हड़कंप मच गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की अवैध खेप कहां से लायी गयी और किधर भेजी जा रही थी. उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी कार चालक से पूछताछ की जा रही है.