शिमला. हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले को राष्ट्रीय स्तर पर ‘स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार’ प्रदान किया गया है. केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडे़कर से नई दिल्ली में सोलन के उपायुक्त राकेश कंवर ने यह पुरस्कार प्राप्त किया. यह पुरस्कार ‘स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय’ प्रयास के अंतर्गत प्रदान दिया गया.
राकेश कंवर ने नई दिल्ली से फोन पर बताया कि सोलन जिले को विद्यालय स्वच्छता के लिए देशभर के 11 सर्वश्रेष्ठ जिलों में चुना गया था. इनमें सोलन देश में दूसरे स्थान पर रहा.
उन्होंने कहा कि सोलन जिले को आज राष्ट्रीय स्तर पर दो पुरस्कार प्रदान किए गए हैं. इनमें एक पुरस्कार सोलन जिले को सर्वश्रेष्ठ जिले के लिए तथा दूसरा पुरस्कार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भाटियां, नालागढ़ को प्रदान किया गया. यह पुरस्कार वर्ष 2016-17 के लिए दिया गया है.
3.5 लाख विद्यालयों ने किया आवेदन
उपायुक्त ने कहा कि इन पुरस्कारों के लिए देशभर के 3.5 लाख से अधिक विद्यालयों ने ऑनलाइन आवेदन किया था. इनमें से 2.68 लाख विद्यालयों ने आत्म मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद सभी विद्यालयों का जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन किया गया. इस प्रक्रिया के बाद देशभर से 648 विद्यालयों को चुना गया. अन्तिम प्रक्रिया में देश के 172 विद्यालय चुने गए. इन 172 विद्यालयों में सोलन जिला के नालागढ़ उपमण्डल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भाटियां को चुना गया.
सभी को बधाई दी
उपायुक्त राकेश कंवर ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय प्रयास के तहत सोलन जिले को पुरस्कार मिलने पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, अध्यापकों तथा छात्रों को बधाई दी. इस तरह के पुरस्कार निश्चित रूप से सभी को और बेहतर करने की दिशा में प्रेरणा देते हैं. उन्होंने आशा जताई कि सोलन जिला भविष्य में भी स्वच्छता की दिशा में अग्रणी रहेगा. इन पुरस्कारों के लिए विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, साबुन से हाथ धोना जैसे विभिन्न कार्यों का पूरा मूल्यांकन किया गया.