शिमला. हिमाचल प्रदेश की सुखविंद्र सुक्खू सरकार में सात विधायक मंत्री बनाए गए हैं. रविवार को राजभवन शिमला में शपथ ग्रहण के बाद सभी मंत्रियों ने कार्यभार संभाल लिया है.
ये हैं सुक्खू कैबिनेट के मंत्री

1. सोलन सीट से धनीराम शांडिल
2. ज्वाली सीट से चन्द्र कुमार
3. शिलाई सीट से हर्ष वर्धन चौहान
4. किन्नौर सीट से जगत सिंह नेगी
5. जुब्बल-कोटखाई सीट से रोहित ठाकुर
6. कसुमपटी सीट से अनिरुद्ध सिंह
सोलन सीट से धनीराम शांडिल
कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल सोलन सदर सीट से तीसरी बार जीते हैं. वह पहली बार हिमाचल विकास कांग्रेस से लोकसभा सांसद का चुनाव जीते थे. उसके बाद उन्होंने कांग्रेस ज्वाइन कर ली.
ज्वाली सीट से चन्द्र कुमार
चौधरी चंद्र कुमार भाजपा प्रत्याशी संजय गुलेरिया को हराकर कांगड़ा के जवाली से विधानसभा सदस्य चुने गए हैं. चंद्र कुमार कांगड़ा जिले के जवाली विधानसभा क्षेत्र से छठी बार जीत कर आए हैं. मौजूदा विधानसभा में उन्हें प्रोटेम स्पीकर भी बनाया गया था.
शिलाई सीट से हर्ष वर्धन चौहान
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के विधायक हर्षवर्धन चौहान छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं. सिरमौर एनएसयूआई में वह जिला महासचिव रहे. शिमला विश्वविद्यालय में कैंपस बॉडी में हिमाचल एनएसयूआई के महासचिव रहे.
किन्नौर सीट से जगत सिंह नेगी
पांचवीं बार किन्नौर से विधायक बने नेगी ने बीए एलएलबी की पढ़ाई चंडीगढ़ और पंजाब विश्वविद्यालय से की. 2012 से लेकर 2022 तक लगातार तीन बार विधायक चुने गए, जबकि पूर्व कांग्रेस सरकार में 2012 से लेकर 2017 तक विधानसभा उपाध्यक्ष रहे.
जुब्बल-कोटखाई सीट से रोहित ठाकुर
जुब्बल कोटखाई से विधायक रोहित ठाकुर चौथी बार जीतकर विधानसभा में पहुंचे हैं. उन्होंने पहला चुनाव वर्ष 2003 में लड़ा तथा जीत हासिल कर विधायक भी बने.
कसुमपटी सीट से अनिरुद्ध सिंह
कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र से अनिरुद्ध सिंह लगातार तीसरी बार 2022 में विधायक चुनकर आए हैं. 2022 के हुए चुनावों में भाजपा सरकार में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज की सीट बदल कर कसुम्पटी किए जाने पर अनिरुद्ध सिंह ने सुरेश भारद्वाज को आठ हजार से अधिक मतों से मात दी और तीसरी बार विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए.
शिमला ग्रामीण से दूसरी बार विधायक चुने गए विक्रमादित्य सिंह

शिमला ग्रामीण से दूसरी बार विधायक बने विक्रमादित्य सिंह. पिता वीरभद्र सिंह के निर्वाचन क्षेत्र रहे शिमला ग्रामीण से पहली बार 2017 में विधायक चुने गए. विक्रमादित्य सिंह वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी है. विधानसभा चुनाव 2022 में वे प्रदेश में कांग्रेस की स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल रहे.
मंत्रिमंडल में अब भी तीन मंत्रियों की जगह खाली
सुक्खू सरकार में शिमला के सात विधायकों में से तीन विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई, जबकि 10 सीट पर जीत दिलवाने वाले कांगड़ा से सिर्फ एक ही मंत्री को मंत्रिमंडल में जगह दी गई है. हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में सात नए मंत्रियों के शपथ लेने के बाद अब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ नौ मंत्री हो गए हैं. अब भी हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल में तीन मंत्रियों की जगह खाली है.
छह मुख्य संसदीय सचिवों ने भी ली शपथ
हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने छह मुख्य संसदीय सचिवों को भी पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. हिमाचल प्रदेश राज्य सचिवालय में कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर, रोहड़ू के विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, दून के विधायक राम कुमार, पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल, बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल और अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्य संसदीय सचिव की शपथ ली.