नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार के लिए कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिससे आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। कई राज्यों के लिए Yellow Alert भी जारी किया गया है।
दिल्ली में बारिश से मिलेगी गर्मी से राहत
राजधानी दिल्ली में अगले दो दिनों तक हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। IMD ने मंगलवार और बुधवार के लिए Yellow Alert जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के कारण तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। 1 जुलाई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है, जबकि 3 जुलाई तक यह करीब 35 डिग्री तक आने की संभावना है। दिल्ली में मानसून की एंट्री जुलाई के पहले सप्ताह में हो सकती है।
मानसून तेजी से बढ़ रहा आगे
IMD के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर अरब सागर के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भी मानसून पहुंचने की संभावना है।
कई राज्यों में आंधी और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग ने बताया है कि कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पंजाब और हरियाणा में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
हिमाचल प्रदेश में जारी रहेगा बारिश का दौर
हिमाचल प्रदेश में 4 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर Yellow Alert जारी किया गया है। 2 जुलाई से सक्रिय होने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और तेज हो सकती है।
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में बढ़ेगी बारिश
पंजाब और हरियाणा में 1 से 4 जुलाई के बीच बारिश, तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं राजस्थान के कोटा, उदयपुर और दक्षिण-पूर्वी इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, 2 जुलाई के बाद राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी।
केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश
केरल के कई जिलों में Yellow Alert जारी किया गया है। यहां भारी बारिश के साथ भूस्खलन, अचानक बाढ़ और जलभराव का खतरा बना हुआ है। अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी लगातार भारी बारिश का अनुमान है। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
गर्मी से मिलेगी राहत
बारिश बढ़ने के साथ उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर कम होने लगेगा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
