नई दिल्ली. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने आगामी ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली को महत्वपूर्ण बताते हुए इसकी तुलना 1978-79 में हुई ‘भारत बचाओ’ रैली से की है। जयपुर में उन्होंने कहा कि उस समय इंदिरा गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए आयोजित रैली का संदेश पूरे देश में पहुंचा था और इसके बाद जनता पार्टी की सरकार को सत्ता छोड़नी पड़ी थी। गहलोत ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें उस दौर की याद आ रही है।
‘देश में मौजूदा हालात को लेकर लोगों में नाराजगी’
अशोक गहलोत ने कहा कि उस समय आयोजित रैली को ‘भारत बचाओ’ नाम दिया गया था, जबकि इस बार कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से होने वाली रैली का नाम ‘लोकतंत्र बचाओ’ रखा गया है। उनके मुताबिक, देश में अभी जो परिस्थितियां बनी हुई हैं, उन्हें लेकर आम लोगों में नाराजगी और चिंता है।
न्यायपालिका और जांच एजेंसियों पर दबाव का लगाया आरोप
गहलोत ने आरोप लगाया कि देश में न्यायपालिका और जांच एजेंसियों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह NDA सरकार के एक विभाग की तरह व्यवहार कर रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि ऐसे माहौल में ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली का विशेष महत्व है। उनके मुताबिक, यही वजह है कि राहुल गांधी ने इसे केवल कांग्रेस या विपक्षी दलों की रैली नहीं, बल्कि देश को बचाने की मुहिम बताया है।
गहलोत के इस बयान के जरिए कांग्रेस ने आगामी रैली को लोकतांत्रिक संस्थाओं और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित करने का संकेत दिया है।
