नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने देश में बुनियादी ढांचे, डाक सेवाओं और घरेलू विनिर्माण को मजबूती देने के लिए कई अहम फैसले लिए हैं। केंद्रीय कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम और पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही असम के सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के निर्माण और निर्माण एवं बुनियादी ढांचा उपकरणों के घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को भी हरी झंडी दिखाई है। इन फैसलों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आधुनिक बनाना, रोजगार और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देना तथा देश की बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है।
डाक विभाग की योजनाओं पर 2,632 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
कैबिनेट ने डाक विभाग की एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम को जारी रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके लिए 1,491 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इस योजना के तहत डाक विभाग की इमारतों का निर्माण, पुनर्निर्माण और मौजूदा डाकघरों का आधुनिकीकरण किया जाएगा।
योजना के तहत 280 करोड़ रुपये की लागत से विभाग की खाली जमीनों पर 190 नए डाक भवन बनाए जाएंगे। इससे किराये की इमारतों में चल रहे डाकघरों को अपने भवनों में स्थानांतरित किया जा सकेगा और किराये पर होने वाला खर्च कम होगा। वहीं, 108 करोड़ रुपये खर्च करके जर्जर हालत में पहुंच चुके 50 डाक भवनों को गिराकर दोबारा बनाया जाएगा, ताकि कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित सुविधाएं मिल सकें।
इसके अलावा 318 करोड़ रुपये की लागत से 2,550 विभागीय उप डाकघरों का नवीनीकरण और एक समान ब्रांडिंग की जाएगी। वहीं, किराये के भवनों में संचालित 2,500 डाकघरों को आधुनिक बनाने और उनकी एक जैसी ब्रांडिंग के लिए 37.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को भी मिली मंजूरी
कैबिनेट ने पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक जारी रखने की मंजूरी दी है। 16वें वित्त आयोग की अवधि के लिए इस योजना पर 1,141 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य देश के डाक नेटवर्क को आधुनिक बनाना, डाक और पार्सल सेवाओं को मजबूत करना तथा ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाना है। इसके तहत ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स, वित्तीय समावेशन, अंतरराष्ट्रीय डाक सेवाओं और डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे आम नागरिकों को अधिक तेज और बेहतर डाक सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
असम के सिलचर में बनेगा नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट
कैबिनेट ने असम के डोलू, सिलचर में नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास को भी मंजूरी दी है। इस परियोजना पर अनुमानित 2,014 करोड़ रुपये खर्च होंगे। नए एयरपोर्ट के बनने से असम और पूर्वोत्तर क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
प्रस्तावित एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन 12,351 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। इसमें व्यस्त समय के दौरान प्रति घंटे 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक इंतजाम किए जाएंगे। इसके निर्माण में पर्यावरण के अनुकूल ग्रीन बिल्डिंग सिद्धांतों को अपनाया जाएगा। साथ ही भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर टर्मिनल का विस्तार करने की सुविधा भी रखी जाएगी।
परियोजना में 2,705 मीटर लंबा और 45 मीटर चौड़ा रनवे बनाया जाएगा, जो Code-4C मानकों के अनुरूप होगा। इस पर Airbus A-320 जैसे विमानों का संचालन संभव होगा। इसके अलावा छह A-320 विमानों की पार्किंग क्षमता वाला नया एप्रन और एक अलग आइसोलेशन बे भी बनाया जाएगा।
निर्माण उपकरणों के घरेलू उत्पादन के लिए 11,000 करोड़ की योजना
कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण (Construction and Infrastructure Equipment – CIE) के विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। यह योजना आठ वर्षों तक यानी वित्त वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक लागू रहेगी।
इस योजना का मकसद भारत में निर्माण और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों का घरेलू उत्पादन बढ़ाना है। फिलहाल इस क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण मशीनों के लिए बड़े पैमाने पर आयात पर निर्भर रहना पड़ता है। योजना के तहत ऐसी सात श्रेणियों के उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा दिया जाएगा, जिनका पूरी तरह या बड़े स्तर पर विदेशों से आयात होता है।
इनमें टनल बोरिंग मशीन, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीन शामिल हैं। घरेलू स्तर पर इन मशीनों का उत्पादन बढ़ने से आयात पर निर्भरता कम होगी और भारतीय कंपनियों को विनिर्माण क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
आत्मनिर्भर भारत अभियान को मिलेगी मजबूती
इन सभी फैसलों को देश के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक क्षमता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डाकघरों के आधुनिकीकरण से नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी, जबकि सिलचर में नए एयरपोर्ट से पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। वहीं, 11,000 करोड़ रुपये की CIE योजना से निर्माण उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को प्रोत्साहन मिलेगा।
सरकार का लक्ष्य इन पहलों के माध्यम से आधुनिक बुनियादी सुविधाओं का विकास करना, आयात पर निर्भरता घटाना और Atmanirbhar Bharat अभियान को आगे बढ़ाना है।
