शिमला. कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रंजीत रंजन ने शिमला में एक प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस ने 60 साल में देश मे, तो वीरभद्र सिंह ने 30 साल हिमाचल में जो काम किए हैं यदि निष्पक्षता से मतदान हुआ तो संभवतः कांग्रेस जीत दर्ज करेगी.
वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने जीएसटी और बेरोजगारी से जनता को परेशान कर दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयानों से उन्हें हंसी आती है. क्योंकि भाजपा शीशे के घर में रहकर दूसरों पर पत्थर मारने की कोशिश कर रही है.
भ्रष्टाचार के मामले पर लगातार कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन यह भी सच है कि जो काम करते है वह गलती भी करते हैं.
उन्होंने कहा कि जय शाह मामले में कोई कार्रवाई न करना भाजपा की कथनी और करनी में फर्क दिखाता है. जय शाह क्या है, किस पद पर है, कैसे इतनी संपत्ति बनाई. विक्रमादित्य पर तंज कसना गलत है. पैतृक संपत्ति के बंटवारे से वह संपत्ति बनी. तो उसमें गलत क्या है. गुजरात से तड़ीपार आज कांग्रेस से सवाल कर रहे हैं.
भाजपा केवल वीरभद्र परिवार पर अटैक कर रही है लेकिन विकास के नाम पर बोलती बंद है. जबकि वीरभद्र सिंह का मामला 2012 चुनावों से पूर्व का है. 6 करोड़ बनाम 80 करोड़ चल रहा है.
जल्द जारी होगा घोषणापत्र
रंजन ने कहा कि जल्द ही कांग्रेस घोषणापत्र जारी करेगी. क्योंकि इसमें वही वादे किए जाएंगे जो पूरे हो सकें. भाजपा की तरह सिर्फ कोरी घोषणाएं नहीं करेंगे.
सोनिया 4 तो राहुल 6 नवम्बर को करेंगे रैलियां
सोनिया गांधी 4 नवम्बर को ऊना और चम्बा जबकि 6 नवम्बर को राहुल गांधी सोलन और सिरमौर में जनसभाएं करेंगे. इनके अलावा नवजोत सिंह सिद्धू, अमरिंदर सिंह, गुलाम नबी आजाद और राज बब्बर भी रैलियां कर हिमाचल में प्रचार करेंगे.
रंजीत रंजन ने कहा कि भाजपा नेताविहीन है. पार्टी में बगावत के डर से भाजपा सीएम का चेहरा ही घोषित नहीं कर पा रही है. भाजपा की स्थिति यह है कि एक घोषित करो तो दूसरा नाराज, दूसरे को किया तो तीसरा नाराज हो जाएगा. ऐसे में भाजपा केवल मोदी के नाम पर चुनाव लड़ेगी ताकि उन्हें कोई पूछ न सके.