नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की अहम बैठक की। बैठक में क्षेत्र की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान समिति को 28 तारीख को ईरान पर हुए हवाई हमलों और उसके बाद बढ़े तनाव के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही खाड़ी देशों में हुए हमलों और क्षेत्रीय हालात पर भी चर्चा की गई।
प्रवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की
CCS ने क्षेत्र में रह रहे बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी समुदाय की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। समिति ने कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में उन भारतीय यात्रियों की समस्याओं की भी समीक्षा की गई, जो इस क्षेत्र से होकर यात्रा कर रहे हैं। इसके अलावा निर्धारित परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों को आ रही दिक्कतों पर भी चर्चा की गई। क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों पर पड़ने वाले व्यापक प्रभावों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी ने संबंधित सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए आवश्यक और संभव कदम तत्काल उठाएं।
