नई दिल्ली. CDS Anil Chauhan on Operation Sindoor: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने पाकिस्तान को लेकर एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि भारत अब आतंकवाद और परमाणु धमकियों के डर में नहीं जीएगा। पुणे के एक विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उद्देश्य स्पष्ट था पाक प्रायोजित आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब।
पेशेवर सैन्य बलों को नुकसान से फर्क नहीं पड़ता: CDS
सीडीएस जनरल चौहान ने कहा कि पेशेवर सैन्य बलों पर नुकसान का कोई असर नहीं पड़ता। हमने ऑपरेशन सिंदूर में आतंक के खिलाफ कार्रवाई की नई रेखा खींच दी है। उन्होंने आगे कहा कि भारत अब उस नीति पर काम कर रहा है जिसमें दुश्मन की हर हरकत का रणनीतिक जवाब दिया जाएगा।
पहलगाम आतंकी हमला बना ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत का कारण
जनरल चौहान के मुताबिक पहलगाम में हुआ आतंकी हमला, जिसमें कई निर्दोष श्रद्धालु मारे गए, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का ट्रिगर पॉइंट था। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का कोई तर्क नहीं होता और पाकिस्तान ने भारत को चोट पहुंचाने की पुरानी नीति पर फिर से काम किया।
पाकिस्तान ने 8 घंटे में ही मांगी बातचीत
जनरल चौहान ने खुलासा किया कि10 मई को पाकिस्तान का उद्देश्य था कि वह भारत को 48 घंटों में झुका देगा, लेकिन हमारे ऑपरेशन ने सिर्फ 8 घंटे में ही उसे बातचीत के लिए मजबूर कर दिया। भारत ने इस बार सिर्फ आतंकी ठिकानों पर सटीक और आक्रामक हमले किए।
पहला ‘कॉन्टैक्टलेस वॉर’: बिना आमने-सामने की लड़ाई, दुश्मन पस्त
CDS ने कहा कि यह भारत का पहला ‘Contactless War’ था—एक ऐसा युद्ध जिसमें नियंत्रण रेखा को छोड़कर सीधी लड़ाई नहीं हुई, बल्कि काइनेटिक (भौतिक) और नॉन-काइनेटिक (साइबर, साइकोलॉजिकल) ऑपरेशनों के माध्यम से दुश्मन को जवाब दिया गया। पाक आर्मी चीफ ने उगला था जहर, भारत ने दिया करारा जवाब सीडीएस ने कहा कि पहलगाम हमले से कुछ हफ्ते पहले ही पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर ने भारत और हिंदुओं के खिलाफ ज़हर उगला था। ऑपरेशन सिंदूर ने इसी जहरीली मानसिकता को निशाना बनाया और दिखाया कि अब भारत चुप नहीं बैठेगा।
