शिमला. हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने गणतंत्र दिवस के मौके पर देश और प्रदेश के लोगों से राष्ट्र निर्माण का आह्वान किया है. राजभवन में आयोजित ‘ऐट होम’ कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के जीवन का कोई न कोई उद्देश्य है और हमें एक शांतिपूर्ण एवं स्वस्थ्य समाज के निर्माण के लिए योगदान करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि हमें देश व समाज की बेहतरी के लिए अपना जीवन समर्पित करने की शपथ लेनी चाहिए. सुसंस्कृत माहौल बनाने का आह्वान करते हुए राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संतोंं के द्वारा स्थापित परम्पराओं का संरक्षण करना चाहिए.
पर्यावरण संरक्षण जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि राज्य में नशे पर अंकुश लगाया जाना चाहिए. राज्य का बहुमूल्य पर्यावरण बचाने के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाना चाहिए और हमें जल संरक्षण की दिशा में कार्य करना चाहिए. उन्होंने कहा कि हमें सौहार्दपूर्ण वातावरण उत्पन्न करने तथा किसानों की सुरक्षा के लिए शून्य लागत प्राकृतिक खेती पर कार्य करना चाहिए.
राज्यपाल कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों ने हमें यह अवसर प्रदान किया है, जिसके लिए हम उनके आभारी हैं. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को सन्तों द्वारा स्थापित हमारी समृद्ध परम्पराओं के संरक्षण में योगदान करना चाहिए.
आचार्य देवव्रत कहा कि हम देश के उन स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर सिपाहियों के ऋणी है, जिन्होंने देश की आज़ादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया. उन्होंने कहा कि ईमानदारी और समर्पण की भावना से देश की सेवा करना हम सबका दायित्व है.
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह हुए शामिल
इससे पूर्व, राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान जगत वर्मा ने देश भक्ति के गीत प्रस्तुत किए. मुख्यमंत्री ने उन्हें भी सम्मानित किया.
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनकी पत्नी साधना ठाकुर, लेडी राज्यपाल दर्शना देवी, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री, हि.प्र. उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री संजय करोल, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, आरट्रैक के जीओसी-इन-सी मेजर जनरल मनोज नरवाने, हि.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर, विधायकगण, नगर निगम शिमला की महापौर श्रीमती कुसुम सदरेट, पुलिस महानिदेशक श्री एस.आर. मरडी, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्य मंत्री की प्रधान सचिव श्रीमती मनीषा नन्दा सहित सिविल, पुलिस एवं सेना के वरिष्ठ अधिकारी, नौणी विश्वविद्यालय के कुलपति डा. एच.सी. शर्मा, स्वतंत्रता सेनानी, शहर के गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे.