जयपुर: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम से शहरी व ग्रामीण ओलिंपिक की शुरुआत की. पैर में चोट लगने के बाद सीएम अशोक गहलोत पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए. गहलोत ने कबड्डी के उद्घाटन मैच में टॉस किया.
दरअसल, कबड्डी का उद्घाटन मैच मंत्री-विधायकों के बीच खेला गया. इसमें ‘ए टीम’ के कप्तान खेल मंत्री अशोक चांदना थे. इसमें चांदना के साथ मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और कुछ खिलाड़ी मौजूद रहे. वहीं, ‘बी टीम’ के कप्तान मंत्री महेश जोशी रहे.
इसमें मंत्री लालचंद कटारिया और कृष्णा पूनिया, गोविंद राम मेघवाल शामिल थे. इस दौरान पांच अलग-अलग राउंड खेले गए. इसमें मंत्री महेश जोशी की टीम ने जीत दर्ज की.
इससे पहले एसएमएस स्टेडियम में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. यहां से मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की 11 हजार 252 पंचायतों और 535 नगर निकाय में वर्चुअली ओलिंपिक की शुरुआत की.
58 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए
कार्यक्रम में CM अशोक गहलोत ने कहा- हिंदुस्तान के इतिहास में हमने पहली बार शहरी और ग्रामीण ओलिंपिक की शुरुआत की है. क्योंकी राजस्थान में प्रतिभाओं की कमी नहीं है. मैं चाहता हूं, राजस्थान के हर खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिले. इसलिए ओलिंपिक का आयोजन किया जा रहा है.
सीएम ने कहा- मुझे खुशी है कि पिछली बार 30 लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था. इस बार 58 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हुए हैं. राजस्थान को देखकर अब देश के दूसरे राज्यों में भी इस तरह के आयोजन की तैयारी की जा रही है.
ग्रामीण और शहरी ओलिंपिक में 7-7 खेल प्रतियोगिता
इससे पहले खेल मंत्री अशोक चांदना ने बताया- 5 अगस्त से 18 सितम्बर तक आयोजित होने वाले राजीव गांधी ग्रामीण और शहरी ओलिंपिक खेलों में 7-7 खेल प्रतियोगिता आयोजित होगी.
इन ग्रामीण ओलिंपिक में कबड्डी (बालक-बालिका वर्ग), शूटिंग बॉल (बालक वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक-बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक-बालिका वर्ग), फुटबॉल (बालक-बालिका वर्ग) और रस्साकशी (बालिका वर्ग) प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा.
वहीं, शहरी ओलिंपिक में कबड्डी (बालक-बालिका वर्ग), टेनिस बॉल क्रिकेट (बालक-बालिका वर्ग), खो-खो (बालिका वर्ग), वॉलीबॉल (बालक-बालिका वर्ग), एथलेटिक्स (100 मी. 200 मी. एवं 400 मी.), फुटबॉल (बालक वर्ग), बास्केटबॉल (बालक-बालिका वर्ग) प्रतियोगिता होगी.
आयोजन का मकसद राजस्थानियों को फिट और हिट रखना
चांदना ने कहा कि इस अनूठे आयोजन का मकसद राजस्थानियों को फिट और हिट रखना है. इसमें राजस्थान के हर गली मोहल्ले गांव कस्बे और शहर के खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड रजिस्ट्रेशन करवाया है. जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है. जिला स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को ट्रैक सूट और तहसील स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल, सर्टिफिकेट दिए जाएंगे. खेलों में भाग लेने वाले सभी लगभग 58.51 लाख खिलाड़ियों को टी-शर्ट उपलब्ध करवाई जाएगी.
युवा मामले एवं खेल विभाग के शासन सचिव नरेश ठकराल ने बताया कि इस बार ग्राम पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं 5 अगस्त से शुरू होगी जो 10 अगस्त तक चलेंगी.
