नई दिल्ली. मालेगांव ब्लास्ट के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल श्रीकांत पुरोहित आज जेल से रिहा हो गए हैं. सोमवार को ही उन्हें सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी, लेकिन कुछ कागजी कार्यवाही की वजह से मंगलवार को रिहाई नहीं हो सकी. पुरोहित 9 साल बाद जेल से रिहा हुए हैं.
कर्नल पुरोहित पर बम सप्लाई करने का आरोप है. सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें सशर्त ज़मानत दी है. वो बिना कोर्ट की अनुमति के विदेश नहीं जा सकते हैं. रिहा होने के बाद पुरोहित को लेने के लिए तीन ट्रकों में सेना के जवान पहुंचे. ज़मानत पर रिहा होने के बाद पुरोहित अपनी यूनिट को रिपोर्ट करेंगे. वहीं सुप्रीम कोर्ट में ज़मानत मिलने के एक दिन बाद लेफ्टिनेंट कर्नल पुरोहित ने जल्द ही सेना में शामिल होने की इच्छा जताई.
इससे पहले इसी साल अप्रैल में बाम्बे हाई कोर्ट ने उनकी ज़मानत याचिका रद्द कर दी थी. जिसके बाद ज़मानत की अर्ज़ी दी गई थी. उनके अलावा ब्लास्ट की दूसरी आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह को पहले ही बाम्बे हाई कोर्ट ने ज़मानत दे दी थी. बता दें कि महाराष्ट्र में 20 सितंबर, 2008 को मालेगांव में हुए ब्लास्ट में 6 लोग मारे गए थे और 101 घायल हुए थे. धमाके को अंजाम देने के लिए मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किया गया था.