नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठनात्मक सुधार अभियान संगठन सृजन अभियान के तहत एक अहम चरण पूरा कर लिया है। पार्टी ने 14 राज्यों में 525 नए जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) अध्यक्षों की नियुक्ति की है। यह जानकारी सोमवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने दी।
केसी वेणुगोपाल ने बताया कि इस अभियान का अगला चरण छह और राज्यों में औपचारिक रूप से शुरू कर दिया गया है। उन्होंने यह अपडेट सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया। यह जानकारी नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हुई बैठक के बाद दी गई, जिसमें कांग्रेस के महासचिव, राज्य प्रभारी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) अध्यक्ष शामिल हुए।
वेणुगोपाल ने कहा,
“अब तक संगठन सृजन अभियान के तहत 14 राज्यों में डीसीसी अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी है, जिसमें 525 नए डीसीसी अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। इसके साथ ही छह और राज्यों में इस प्रक्रिया की औपचारिक घोषणा कर दी गई है, जो संगठन को और मजबूत करने की दिशा में अगला कदम है।”
उन्होंने आगे बताया कि पीसीसी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 15 दिनों के भीतर डीसीसी कमेटियों का गठन पूरा किया जाए। वहीं 30 दिनों में ब्लॉक कमेटियां और 60 दिनों के भीतर मंडल, ग्राम पंचायत और बूथ स्तर की कमेटियों का गठन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व देने पर विशेष जोर दिया गया है।
संगठन को मजबूत करने पर कांग्रेस का फोकस
केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राज्यों की पार्टी इकाइयों को जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय, संवेदनशील और जनता से जुड़ा बनाना है।
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी संगठन को मजबूत करने और आंतरिक मतभेदों को सुलझाने के लिए लगातार बैठकों का दौर चला रहे हैं। पंजाब, केरल सहित कई राज्यों के वरिष्ठ नेता इन बैठकों में हिस्सा ले चुके हैं।
