सोलन (कसौली). कालका शिमला नेशनल हाईवे -5 को परवाणू से सोलन (चंबाघाट) तक फोरलेन बनाने के लिए की जा रही पहाड़ों की कटिंग से फिर एक बार मुसीबत का सबब बनी है. फोरलेन कटिंग से सनवारा के पास मकान में दरारें आ गयी है. जिससे परिवार के सदस्य परेशान हो गये हैं.
यह घटना उस समय घटी जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे. सुबह जब अचानक आवाज आई तो परिवार के लोगों ने देखा कि मकान में दरारें आ रही है. इसे देखकर उन्होने बाकि सदस्यों को मकान से बाहर निकालने के लिए आवाजें लगायी.
तीसरी बार ऐसा हुआ है
बता दें कि सनवारा में मकान में दरारें व पहाड़ों कि कटिंग से हो रहे नुकसान का यह तीसरा मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार फोरलेन कंपनी द्वारा नेशनल हाईवे पर सनवारा के पास लगभग पच्चीस वर्षो से रह रहे अनिल कौशल के मकान में दरारें आ गयी. सनवारा में जिस जगह फोरलेन के लिए पहाड़ काटा गया है, वहां से अनिल का मकान करीब 100 मीटर दूर है. जब फोरलेन की बड़ी भरकम मशीनें कटिंग कर रही थी, तो अनिल कुमार के मकान के पास दरारे आ रही थी. जिस पर उन्होने फोरलेन कंपनी के कर्मचारियों को भी अवगत करवाया था. पटवारी को भी इस बात की जानकारी दी गयी थी. अनिल कौशल के 2 मकानों में दरारें आयी है. उसमें तीन परिवार के 12 सदस्य रहते है.
गौर हो कि इससे पहले इसी मकान से थोड़ा आगे छह मकानों में दरारें आई और सनवारा के नंदे का थड़ा गांव के ठीक नीचे फोरलेन निर्माण के लिए पहाड़ की कटिंग करने के बाद मिट्टी वाली पहाड़ी दरकने लग गयी थी. जिस कारण नंदे का थड़ा गांव के लोगों पर खतरा मंड़राने लगा था. वहीं पिछले दिनों हुई जबरदस्त बरसात के कारण भी लोगों पर ख़तरे के बादल मंडराने लग गये थे.
सनवारा के पास मकान में आयी दरारों को देखने के लिए आई कसौली गढखल की पंचायत प्रधान व उक्त जगह कि वार्ड सदस्य ने बताया कि मकान मालिक की शिकायत हमारे द्वारा पहले ही डीसी सोलन तक पहुंचा दी गई थी. उनके द्वारा तुरंत तहसीलदार कसौली व पटवारी को उक्त जगह का निरीक्षण करने के आदेश दिए थे परंतु किसी ने भी इस पर कार्यवाही नहीं की.
मकान मालिक अनिल कौशल ने बताया कि हम पर अचानक से संकट आ गया है. जिससे हमें कुछ पता नहीं चल पा रहा है कि हम क्या करें. कटिंग के बाद यदि तुरंत डंगा लग जाता तो आज यह दिन देखने को नहीं मिलता.