हमीरपुर. डिपो में आने वाली राशन की थैलियों का वजन कम होने से डिपोधारकों में सरकार के प्रति रोष पनप रहा है. चीनी और आटा की थैलियों में मात्रा कम होने से डिपोधारक सभी राशनकार्ड धारकों को राशन नहीं दे पा रहे हैं. उन्हें राशन वितरण करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
राशन का वजन पूरा नहीं
डिपो में राशन पूरा नहीं आने से लोगों के साथ-साथ डिपोधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. डिपोधारकों का कहना है कि सरकार द्वारा जो राशन उन्हें प्राप्त हो रहा है, उसमें लिखे गए वजन के अनुसार सामान का वजन पूरा नहीं है. जिसके चलते घाटे की सारी भरपाई डिपोधारकों को पूरी करनी पड़ रही है.
प्रदेश डिपो संचालक के महासचिव अशोक कवि ने बताया कि सिविल सप्लाई द्वारा जो राशन उन्हें उपलब्ध करवाया जा रहा है, उसमें लिखित वजन ज्यादा और वास्तविक वजन कम है. जिसके चलते घाटे की सारी भरपाई डिपोधारकों को करनी पड़ रही है. उन्होंने सरकार से मांग की है कि हर गोदाम में छापेमारी की जाए. साथ ही उन्होंने यह कहा कि गोदामों में घोटाला हो रहा है उसका भी पता लगाया जाए. साथ ही प्रदेश के डिपो संचालकों ने सरकार द्वारा 6 दालों में से तीन को चुनने के विकल्प को भी खत्म करने की मांग की है.