शिमला. हिमाचल प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आज से लोगों से उनके घर में पड़ा ई-कचरा खरीदेगा. इससे लोग भी अच्छी कमाई कर सकेंगे. बोर्ड आज से ई-कचरा कलेक्शन अभियान शुरू कर रहा है. अभियान के तहत बोर्ड लोगों से ई-वेस्ट कलेक्ट करेगा और लोगों को उसके बदले पैसे देगा. प्रदेश में ऐसा पहली बार हो रहा है.
प्रदेश सचिवालय में खुलेगा कलेक्शन सेंटर
अभियान के तहत आज प्रदेश सचिवालय में कलेक्शन सेंटर खोला जाएगा. प्रदेश सचिवालय और आसपास के लोग अपने घर का ई-वेस्ट यहां जमा कर सकेंगे.
बोर्ड यह कचरा खरीदेगा लोगों से
बोर्ड लोगों से बेकार हो चुके मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर, लैपटॉप, नोटपैड, टैबलेट, प्रिंटर, पावर कार्ड, केबल, सर्वर मॉडम, CPU, CRT मॉनिटर, LCD, LED मॉनिटर, माउस, की-बोर्ड, पावर सप्लाई, कंप्यूटर UPS, हार्ड डिस्क, मदरबोर्ड, एंपलीफायर, स्पीकर, टोनर, कार्टेज, लैंडलाइन फोन, चार्जर, CRT, LED TV, फ्रिज, वाशिंग मशीन, AC सहित 124 वेस्ट आइटम खरीदेगा.
25 मार्च तक चलेगी ड्राइव
बोर्ड मोबाइल वैन के माध्यम से ई-वेस्ट कलेक्शन करेगा. यह ड्राइव 16 से 25 मार्च तक चलेगी. ई-वेस्ट को इकट्ठा करके बोर्ड इसे नालागढ़ और बद्दी री-साइकिल प्लांट में भेजेगा. प्रदेश में अभी लोग ई-वेस्ट को या तो खुले में डिस्पोज कर रहे हैं या उसे नदी नालों में फेंक कर ठिकाने लगा रहे हैं. इससे पर्यावरण को बहुत नुकसान पहुंच रहा है, जिसे रोकने के लिए बोर्ड ने यह कदम उठाया है.
