नई दिल्ली: चुनाव आयोग (ECI) ने बुधवार को ऐलान किया कि जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा की 4 खाली सीटों पर 24 अक्टूबर 2025 को चुनाव होंगे। ये सीटें फरवरी 2021 से खाली हैं। वोटों की गिनती भी मतदान के दिन शाम 5 बजे होगी।
जम्मू-कश्मीर में पिछले साल विधानसभा चुनाव होने के बाद अब पहली बार राज्यसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। बता दें कि 15 फरवरी 2021 को गुलाम नबी आजाद और नज़ीर अहमद लवाय का कार्यकाल खत्म हुआ था, जबकि 10 फरवरी को फ़ैयाज़ अहमद मीर और शमशेर सिंह मनहास का कार्यकाल पूरा हुआ था। उसके बाद से जम्मू-कश्मीर की कोई भी प्रतिनिधित्व राज्यसभा में नहीं रहा।
चुनाव आयोग ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के तहत राज्यसभा की ये सीटें जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश को आवंटित मानी गई थीं। लेकिन विधानसभा न होने के कारण आवश्यक निर्वाचक मंडल उपलब्ध नहीं था। अब विधानसभा गठित होने के बाद चुनाव कराए जा रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव का शेड्यूल
| क्र.सं. | कार्यक्रम | तिथि |
|---|---|---|
| 1 | अधिसूचना जारी | 6 अक्टूबर 2025 |
| 2 | नामांकन की अंतिम तिथि | 13 अक्टूबर 2025 |
| 3 | नामांकन की जांच | 14 अक्टूबर 2025 |
| 4 | नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि | 16 अक्टूबर 2025 |
| 5 | मतदान की तिथि | 24 अक्टूबर 2025 |
| 6 | मतदान का समय | सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक |
| 7 | मतगणना | 24 अक्टूबर शाम 5 बजे |
पंजाब की एक राज्यसभा सीट पर उपचुनाव
चुनाव आयोग ने पंजाब की एक राज्यसभा सीट पर भी उपचुनाव का ऐलान किया है। यह सीट AAP सांसद संजेव अरोड़ा के इस्तीफ़े के बाद खाली हुई है। वे पंजाब विधानसभा चुनाव जीतकर विधायक बने थे। उनका कार्यकाल 9 अप्रैल 2028 तक था। इस सीट पर भी 24 अक्टूबर को ही मतदान और मतगणना होगी।
पंजाब राज्यसभा उपचुनाव का शेड्यूल
| क्र.सं. | कार्यक्रम | तिथि |
|---|---|---|
| 1 | अधिसूचना जारी | 6 अक्टूबर 2025 |
| 2 | नामांकन की अंतिम तिथि | 13 अक्टूबर 2025 |
| 3 | नामांकन की जांच | 14 अक्टूबर 2025 |
| 4 | नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि | 16 अक्टूबर 2025 |
| 5 | मतदान की तिथि | 24 अक्टूबर 2025 |
| 6 | मतदान का समय | सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक |
| 7 | मतगणना | 24 अक्टूबर शाम 5 बजे |
