नई दिल्ली. उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राज्य भर में कई जगहों पर नदियों ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। मसूरी, देहरादून और ऋषिकेश समेत राज्य के अलग-अलग इलाकों में नदियों का जलस्तर बढ़ने से लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस बीच, ऋषिकेश के शिवपुरी इलाके में भूस्खलन के कारण कई वाहन हाईवे पर फंस गए। मुश्किल से एक-एक कर वाहनों को निकाला गया। गनीमत रही कि भूस्खलन के दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। मलबा आने से मसूरी हाईवे भी घंटों बंद रहा।
इस बीच, देहरादून के मालदेवता में सोंग नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। यहां रविवार को बड़ी संख्या में लोग पिकनिक मनाने गए थे।
कई लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए
जिसके कारण कई लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। पानी का रौद्र रूप देखकर आसपास के लोगों में डर का माहौल बन गया। नदी के बीच टापू पर फंसे लोग भी सहम गए। सोंग नदी टिहरी जिले से देहरादून के माल देवता क्षेत्र में प्रवेश करती है। पहाड़ों में भारी बारिश के कारण इस नदी का जलस्तर अचानक बढ़ जाता है। इस कारण माल देवता क्षेत्र में पहले भी कई बार आपदाएं आ चुकी हैं। रविवार को हुई बारिश ने एक बार फिर ऐसे ही हालात पैदा कर दिए। जलस्तर कम होने के बाद टापू पर फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बचाया गया।
कैंपटी फॉल झरने का रौद्र रूप
इस बीच भारी बारिश से आए मलबे के कारण देहरादून-मसूरी मार्ग अवरुद्ध रहा। इसी तरह कैंपटी रोड और किमाड़ी रोड पर भी मलबा आने से यातायात बाधित रहा। भारी बारिश के कारण मसूरी में कैंपटी फॉल झरने ने रौद्र रूप धारण कर लिया। झरने से पानी और पत्थर बहकर नीचे झील में गिरने लगे। इससे वहां मौजूद लोग डरे और सहमे नजर आए। कैंपटी फॉल झरने का रौद्र रूप देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग और पर्यटक भी सहम गए। झरने से पानी तेजी से बहता नजर आया।