शिमला. मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सोमवार को कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं. उनके 24 दिसंबर तक के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं. सुक्खू पांच दिन हिमाचल सदन दिल्ली में क्वारंटीन रहेंगे. उसके बाद फिर से उनका कोरोना टेस्ट लिया जाएगा.
सत्र स्थगित
सुक्खू के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद धर्मशाला के तपोवन में 22 से 24 दिसंबर तक प्रस्तावित विधानसभा का शीत सत्र स्थगित कर दिया गया है. सुक्खू का कोविड टेस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सोमवार को प्रस्तावित भेंट से पहले हुआ. रिपोर्ट पॉजिटिव आने की वजह से वह मोदी से नहीं मिल पाए. सोमवार शाम 5:30 बजे राजभवन शिमला में प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार के शपथ समारोह में भी सुक्खू शामिल नहीं हो पाए.
वहीं, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री में कोविड संक्रमण के लक्षण नहीं हैं. एहतियात के तौर पर उन्होंने खुद को क्वारंटीन कर लिया है. चौहान ने कहा कि 21 दिसंबर को धर्मशाला में अभिनंदन रैली के अलावा शीत सत्र को स्थगित कर दिया गया है. आगामी कार्यक्रमों की नई तिथियों को जल्दी तय किया जाएगा.
मंत्रिमंडल के गठन में होगी देरी
सुक्खू के कोविड पॉजिटिव आने के बाद मंत्रिमंडल के गठन में और देरी हो सकती है. सुक्खू ने कहा था कि शीत सत्र के बाद ही मंत्रिमंडल का गठन होगा. प्रदेश में वर्तमान में मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री की ही ताजपोशी की गई है.
