शिमला. हिमाचल प्रदेश की बेटियों ने नार्थ जोन इंटर स्कूल बैंड प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है. यह प्रतियोगिता मानव संसाधन मंत्रालय ने इस वर्ष राष्ट्रीय एकता और सद्भावना बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया है.
इस प्रतियोगिता में हिमाचल के अतिरिक्त पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया. छात्रा वर्ग में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल अम्बाला की छात्राओं ने पहला स्थान हासिल किया और राजकीय आदर्श कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर शिमला को दूसरा स्थान हासिल हुआ.
प्रतियोगिता में पहला स्थान पाने वाले को दस हजार, दूसरे को 7 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 5 हजार की राशि के साथ सर्टिफिकेट प्रदान किया. मानव संसाधन मंत्रालय की इस पहल से स्कूली बच्चों में आपसी भाईचारा और सद्भावना का विकास होगा, साथ ही बच्चों को अपने हुनर दिखाने के भी अवसर मिलेंगे. राज्य परियोजना निदेशक घनश्याम चंद ने पोर्टमोर की छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी. दूसरे स्कूलों को इस दिशा में बढ़ चढ़ कर भाग लेने का आग्रह किया है.