शिमला. हिमाचल कांग्रेस कार्यालय में पहली बार एक फूल खिला उसका नाम है गुलाब. महक ऐसी की बड़े-बड़े दिग्गजों को इस फूल यानी गुलाब के पास हाजिरी भरने आना ही पड़ा.
क्योंकि पद ही ऐसा है जिसके महत्व का पता भी अब जाकर चला. जी हाँ, ये फूल गुलाब का नहीं बल्कि गुलाब सिंह है, जो हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी के कार्यालय सचिव हैं. पूरे 5 साल, महज कार्यालय में बैठकर फाइलें निपटाते रहे. सुक्खू और पार्टी पदाधिकारियों द्वारा जो आदेश दिए जाते उसी के अनुरूप नोट बनाते रहे. लेकिन अब अचानक ही एक फैसले ने उनके वारे-न्यारे कर दिये.
अहम पद पर बैठे
कांग्रेस अध्यक्ष सुक्खू ने फैसला लिया कि जिसे भी टिकट चाहिए उसे पार्टी कार्यालय में आकर आवेदन करना होगा. नियम बताते हैं कि ये आवेदन तो कार्यालय सचिव के पास ही जमा होंगे तो बस वहीं से गुलाब सिंह खिले और बड़े बड़े दिग्गजों को भी गुलाब सिंह के कार्यालय में हाजिरी लगानी पड़ी.
कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी के पदाधिकारी, फ्रंटल संगठनों के मुखिया और अन्य नेता सभी गुलाब सिंह के दर पहुंचे, न केवल आवेदन किया बल्कि गुलाब के साथ खुशी-खुशी फोटो भी खिंचवाए. पहली बार गुलाब सिंह को भी महसूस हुआ कि वो कितने अहम पद पर बैठे हैं. जबकि 5 साल तक इस पद का कोई महत्व ही नहीं था.
किस्मत का सितारा कब चमक जाए कुछ कहा नहीं जा सकता. ऐसे ही सितारे के रूप में आज गुलाब सिंह चमके हैं और उन्हे सहयोग दे रहे हैं मान सिंह.