प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की दोस्ती रंग लाती नजर आ रही है. सोमवार को दोनों नेताओं के बीच हुई मुलाकात में आतंकवाद का मुद्दा छाया रहा. दोनों देशों ने आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ने का संकल्प लिया. वहीं उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा प्रायोजित आतंकवाद को अगर नहीं रोका गया तो इस पर कड़ा रूख अख्तियार किया जायेगा. दोनों देशों ने पाकिस्तान को सख्त सन्देश देते हुए, आतंकवाद पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा. जिससे सीमा सीमा पार की आतंकी गतिविधियों को रोका जा सके.
दोनों देशों ने अपने संयुक्त बयान में कहा कि पाकिस्तान अपने जमीन का इस्तेमाल आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए न करे. दोनों देशों ने पाकिस्तान से कहा कि वह अपने जमीन पर सक्रिय आतंकी संगठनों के खिलाफ उचित कार्रवाई करे. वहीं भारत में हुए 26/11 हमले और पठानकोट एयरबेस पर हुए अटैक में शामिल आतंकियों पर कार्रवाई तेज करे.
आतंकवाद के अलावा दोनों देशों के नेताओं के बीच, आपसी रिश्ते, व्यापार, द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने को लेकर बातचीत हुई. वहीं राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ साझा प्रेस कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आतंकवाद को ख़त्म करना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है.