कुल्लू. जिला कुल्लू के उपायुक्त युनूस को एपीजे अब्दुल कलाम इनोवेशन इन गवर्नेस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. यह सम्मान 20 जनवरी को दिल्ली के विज्ञान भवन में दिया जाएगा. इस सम्मान को ग्रहण करने के लिए उपायुक्त कुल्लू 11 जनवरी को दिल्ली रवाना होंगे.
इसलिए किया जाएगा सम्मान
रोहतांग परमिट सिस्टम तथा गो कुल्लू डॉट कॉम वेबसाइट लांच करने को लेकर यह सम्मान दिया जा रहा है. रोहतांग दर्रा में डीजल व पेट्रोल के वाहनों पर एनजीटी द्वारा लगाई रोक के बाद यहां प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए वाहनों की संख्या को सीमित किया गया है.
ऐसे में इस बार जिला प्रशासन ने पर्यटकों की सुविधा के लिए ऑन लाइन परमिट सुविधा उपलब्ध करवाईं गई थी. इसमें एक वाहन को हफ्ते में दो बार जाने की सुविधा उपलब्ध थी. रोहतांग में 1200 वाहनों को ही भेजने की सुविधा है. इसमें 800 डीजल व 400 पेट्रोल के वाहन शामिल है.
इसके लिए जिला प्रशासन ने अगस्त 2014 को घाटी में लापता हो रहे ट्रैकरों की सुविधा के लिए गो कुल्लू डॉट कॉम नामक बैवसाइट लांच की गई थी. इसमें जहां घाटी के पर्यटन स्थलों के साथ साहसिक पर्यटन की जानकारी व पर्यटकों को ट्रेस करने की सुविधा है.
जीपीएस के जरिए जियो ट्रैकिंग सिस्टम में सैर सपाटे को आने वाले पर्यटकों के लिए यह वेबसाइट वरदान साबित होगी. इसमें घाटी में आने वाले टै्रकरों व पर्यटकों को ट्रेस किया जा सकता है.
इसके अलावा इसमें घाटी के सभी होटल,अस्तपाल व ढाबा आदि भी शामिल किया गया. ऐसे में कुल्लू प्रशासन की इनोवेशन इन गवर्नेस के लिए 20 जनवरी को दिल्ली के विज्ञान भवन में उपायुक्त कुल्लू युनूस को एपीजे अब्दुल कलाम इनोवेशन इन गवर्नेस सम्मान से सम्मानित किया जाएगा.