कुल्लू. हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की 47वीं अंतर महाविद्यालय पुरुष बास्केटबॉल प्रतियोगिता मंगलवार को कुल्लू के ढालपुर मैदान में आरंभ हुई. इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग 20 महाविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं.
खेल बहुत आवश्यक है
प्रतियोगिता के पहले मैच में महाराजा लक्ष्मण सेन मेमोरियल सुंदरनगर ने राजकीय महाविद्यालय पालमपुर को हराया. दूसरा मैच संजौली और बिलासपुर के बीच खेला गया. इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए जिलाधीश यूनुस ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल बहुत ही आवश्यक हैं. इससे बच्चे शारीरिक रूप से फिट होने के साथ-साथ नशे व अन्य दुर्गुणों से दूर रहते हैं.
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी वे पूरे जोश और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें. आने वाले समय में कुल्लू में विभिन्न शिक्षण संस्थानों और युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के सहयोग से दो दिवसीय खेल उत्सव के आयोजन की संभावनाएं तलाशी जाएंगी.
इससे पहले कुल्लू महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डा. नंद लाल शर्मा ने जिलाधीश, अन्य अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी दी. उद्घाटन समारोह में पूर्व प्रधानाचार्य एवं पूर्व छात्र एसोसिएशन के अध्यक्ष यशपाल महंत, उपाध्यक्ष पीडी आजाद, हरिपुर कॉलेज के प्रधानाचार्य शमशेर सिंह, प्रतियोगिता की आयोजक सचिव डा. सुजाता, स्थानीय कालेज के अन्य शिक्षक और विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों के प्रभारी भी उपस्थित थे.