मंडी. बहुद्देशीय परियोजनाएं, ऊर्जा और गैर पारम्परिक ऊर्जा स्रोत मंत्री अनिल शर्मा का उनके गृह क्षेत्र कोटली में नागरिक अभिनंदन किया गया. मंत्री बनने के बाद पहली बार कोटली पहुंचे अनिल शर्मा का लोगों ने भव्य स्वागत किया. वहीं पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें तलवार भेंट की.
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पास विद्युत दोहन की अपार क्षमता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में वर्तमान समय में 10,500 मैगावाट विद्युत उत्पादन का दोहन किया जा रहा है, जबकि प्रदेश में 26 हजार मैगावाट विद्युत उत्पादन की क्षमता है.
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कई विद्युत परियोजनाएं लंबित पड़ी है. वर्तमान प्रदेश सरकार का प्रयास है कि इन परियोजनाओं को आरंभ करने की समस्त औपचारिकताएं पूरी कर इन परियोजनाओं में विद्युत उत्पादन आरंभ किया जाए.
अनिल शर्मा ने मंडी जिला से मुख्यमंत्री बनाने के लिए भाजपा के केंंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता का भी उन्हें विजयी बनाने के लिए धन्यवाद किया.
इस अवसर पर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटली की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया. इस अवसर पर युवा मोर्चा के अध्यक्ष भुवनेश ठाकुर, पूर्व प्रधान चमन लाल व परमानंद, सुराड़ी पंचायत के प्रधान गुलजारी, भरगांव पंचायत के प्रधान बीरी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे.