शिमला. विधानसभा चुनाव के बाद हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पहली बैठक में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रस्ताव रखा. जिसका सभी ने अनुमोदन किया.
प्रस्ताव पारित होने पर सुक्खू ने सभी का आभार जताया और कहा कि राहुल गांधी पहली दिसंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए नामांकन करने जा रहे हैं. सभी उनके अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालने के समर्थन में हैं. राहुल की ताजपोशी से कांग्रेस में युवा जोश और नई सोच का पदार्पण होगा. 19 साल से पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हैं.
बैठक में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल, आबकारी और कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी, उपाध्यक्ष चंद्र कुमार, ए.एन विघार्थी, गीता नेगी, वीरू राम किशोर, केहर सिंह खाच्ची, महासचिव हरभज्जन सिंह भज्जी, राम लाल ठाकुर, हर्षवर्धन चैहान, अजय महाजन, सुंदर ठाकुर, किशोरी लाल, नरेश चैहान, संजय अवस्थी, धर्मवीर धामी, रजनीश किमटा, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र चैहान, कार्यकारिणी सदस्य रोहित ठाकुर, सतपाल रायजादा, महेंद्र चैहान जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, कर्ण सिंह पठानिया, बुद्धि सिंह ठाकुर, दीपक शर्मा, पवन ठाकुर ने भाग लिया.
जीत को लेकर आश्वस्त पार्टी कार्यकर्ता व नेता
बैठक के दौरान पार्टी नेताओं, प्रत्याशियों, पदाधिकारियों, जिला और ब्लॉक अध्यक्षों ने विधानसभा चुनाव को लेकर भी अपने-अपने हलकों का फीडबैक दिया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सभी ने बैठक के बाद भी मिशन रिपीट का ही फीडबैक दिया. अधिकांश जिला और ब्लॉक अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों की जीत को लेकर आश्वस्त दिखे. कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सभी पार्टी पदाधिकारियों का चुनाव में कड़ी मेहनत करने के लिए धन्यवाद किया तथा बैठक में मौजूद सभी पदाधिकारियों ने कहा कि यह तय है की 18 तारीख को प्रदेश में कांग्रेस सरकार पुर्ण बहुमत से पुनः स्थापित होगी.