नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियों को तेज करते हुए अहम संगठनात्मक नियुक्तियों का ऐलान किया है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव का इलेक्शन इंचार्ज नियुक्त किया है, जबकि वरिष्ठ नेता बैजयंत पांडा को असम चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तमिलनाडु में BJP की चुनावी कमान संभालेंगे पीयूष गोयल
BJP की ओर से जारी बयान के अनुसार पीयूष गोयल तमिलनाडु में पार्टी के चुनावी रणनीति और संगठनात्मक समन्वय की कमान संभालेंगे। उनकी सहायता के लिए अर्जुन राम मेघवाल और मुरलीधर मोहोळ को को-इंचार्ज बनाया गया है। गौरतलब है कि पीयूष गोयल इससे पहले भी तमिलनाडु में BJP के चुनाव प्रभारी रह चुके हैं। वे 2019 के लोकसभा चुनाव में भी राज्य के इलेक्शन इंचार्ज थे।
असम चुनाव की जिम्मेदारी फिर बैजयंत पांडा को
वरिष्ठ BJP नेता बैजयंत पांडा को एक बार फिर असम विधानसभा चुनाव 2026 का इलेक्शन इंचार्ज नियुक्त किया गया है। उनके साथ सुनील कुमार शर्मा और दर्शनाबेन जरदोश को को-इंचार्ज की भूमिका दी गई है। बैजयंत पांडा पहले भी असम में BJP के लिए चुनावी रणनीति संभाल चुके हैं। 2021 के असम विधानसभा चुनाव में BJP ने उनके नेतृत्व में सत्ता बरकरार रखी थी। वे दिल्ली विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के भी चुनाव प्रभारी रह चुके हैं।
2026 विधानसभा चुनाव पर BJP का फोकस
BJP की ये नियुक्तियां साफ संकेत देती हैं कि पार्टी तमिलनाडु और असम जैसे अहम राज्यों में समय से पहले रणनीतिक तैयारी कर रही है। दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव 2026 में प्रस्तावित हैं।
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में NDA की ऐतिहासिक जीत
इस बीच, 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महागठबंधन को करारी शिकस्त दी है।
चुनाव आयोग (ECI) के आंकड़ों के अनुसार के BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 89 सीटें जीतीं।जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने 85 सीटों पर जीत दर्ज की। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को बड़ा झटका लगा और पार्टी सिर्फ 25 सीटों पर सिमट गई।
पीएम मोदी बोले-यह जीत जनहितकारी शासन पर मुहर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने NDA की इस जीत को जनता द्वारा विकास और जनहितकारी शासन पर विश्वास बताया। उन्होंने कहा कि बिहार का जनादेश स्थिरता, सुशासन और विकास के पक्ष में है। BJP एक ओर जहां तमिलनाडु और असम चुनाव 2026 की रणनीति को मजबूत कर रही है, वहीं बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की प्रचंड जीत ने पार्टी और NDA का आत्मविश्वास और बढ़ा दिया है।
