नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा कि जनजातीय गौरव दिवस के इस पावन अवसर पर पूरा देश मातृभूमि की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा के अतुलनीय योगदान को स्मरण करता है। उन्होंने कहा कि विदेशी शासन के अत्याचारों के खिलाफ बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
अमित शाह बोले— ‘धर्ती अब्बा’ आदिवासी अस्मिता और भारतीय गौरव के प्रतीक
गृह मंत्री अमित शाह ने भी बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा भारतीय गौरव, आदिवासी पहचान और महान स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। शाह ने बताया कि ‘धर्ती अब्बा’ ने एक ओर आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित किया, वहीं दूसरी ओर ब्रिटिश शासन के खिलाफ उन्हें एकजुट कर उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए उत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन हर देशभक्त के लिए प्रेरणा का असीम स्रोत है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने की पुष्पांजलि अर्पित
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
सोशल मीडिया पर उन्होंने देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह दिन भारत की जनजातीय परंपरा, संघर्ष और गौरव को सम्मानित करने का अवसर है।
