नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी में भगवान श्री सत्य साईंबाबा के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने ₹100 का विशेष स्मारक सिक्का और विशेष डाक टिकटों का सेट जारी किया। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहे।
‘साईंबाबा की उपस्थिति हमेशा आत्मिक प्रेरणा देती है’ — पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि साईंबाबा की शिक्षाओं का मूल हमेशा सेवा, प्रेम और मानवता रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय सभ्यता का आधार “सेवोपर्मा धर्मः” जैसे आदर्शों पर टिका है और साईंबाबा के सिद्धांत आज भी करोड़ों भक्तों को मार्ग दिखा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने साईंबाबा के मुख्य संदेश—
Love All, Serve All, Help Ever, Hurt Never,
Less Talk, More Work का उल्लेख करते हुए कहा कि साईंबाबा ने सिर्फ उपदेश नहीं दिए, बल्कि इन्हें जीवन में उतारकर दिखाया।
ट्रस्ट द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास में सराहनीय काम
मोदी ने श्री सत्य साई ट्रस्ट द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण उत्थान, पेयजल, हाउसिंग, पोषण और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने गुजरात भूकंप के समय ट्रस्ट के महत्वपूर्ण योगदान को भी याद किया।
4 करोड़ से ज्यादा ‘सुकन्या समृद्धि खाते’, 3.5 लाख करोड़ की बचत
पीएम मोदी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा 20,000 सुकन्या समृद्धि योजना खाते खुलवाने की पहल सराहनीय है। उन्होंने कहा कि देशभर में अब तक 4 करोड़ से अधिक सुकन्या खाते खोले जा चुके हैं और इनमें करीब 3.5 लाख करोड़ रुपये की बचत जमा हो चुकी है। यह देश में बेटियों की वित्तीय सुरक्षा को मजबूत कर रहा है।
2014 में 25 करोड़, आज 100 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में
प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 11 वर्षों में सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा तेज़ी से बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि 2014 में 25 करोड़ नागरिक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े थे, जबकि आज ये संख्या 100 करोड़ तक पहुंच गई है।
लोकल प्रोडक्ट खरीदें, देश को मजबूत बनाएं: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने लोगों से Vocal for Local अभियान को समर्थन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पाद खरीदकर हम छोटे उद्यमों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं।
प्रशांति निलयम में विशेष पूजा, ‘गोदान’ कार्यक्रम में शामिल
कार्यक्रम से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने प्रशांति निलयम स्थित महासमाधि पर विशेष पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने परंपरागत गोदान कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए चार किसानों को गाय दान की।
कई दिग्गज रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उप मुख्यमंत्री के. पवन कल्याण, केंद्रीय मंत्री के. रम्मोहन नायडू, जी. किशन रेड्डी, भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा, सत्य साई सेंट्रल ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी आर. जे. रत्नाकर, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
