नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीपावली 2025 के अवसर पर देशवासियों को पत्र लिखकर हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस पत्र में उन्होंने देश की कुछ महत्वपूर्ण उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए नागरिकों से देशहित में अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया है।
पीएम मोदी ने अपने पत्र में कहा कि यह दूसरी दीपावली है जब अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है। उन्होंने भगवान श्रीराम का उदाहरण देते हुए हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर का ज़िक्र किया, जिसमें भारत ने न्याय की रक्षा के साथ अन्याय का सामना किया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष कई जिलों में, विशेषकर दूरदराज के क्षेत्रों में दीप जलाए जाएंगे। ये वही इलाके हैं जहाँ नक्सलवाद और माओवादी आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जा चुका है। कई लोग हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल हुए हैं और संविधान पर भरोसा जताया है। पीएम मोदी ने इसे देश की बड़ी उपलब्धि बताया।
पत्र में पीएम मोदी ने हाल ही में लागू GST दरों में कमी का भी जिक्र किया। उन्होंने इसे “GST बचत उत्सव” करार देते हुए कहा कि इससे नागरिकों को हजारों करोड़ रुपये की बचत हो रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत विश्व में स्थिरता और संवेदनशीलता का प्रतीक बनकर उभरा है और निकट भविष्य में यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है।
उन्होंने नागरिकों से अपने दैनिक जीवन में स्वदेशी उत्पाद अपनाने, साफ-सफाई बनाए रखने, स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने, तेल का उपयोग कम करने और योग अपनाने जैसे उपायों को अपनाने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि दीपावली का संदेश हमें यह सिखाता है कि जब एक दीपक दूसरे को जलाता है, तो उसकी रोशनी कम नहीं होती बल्कि बढ़ती है। इसी भावना के साथ समाज में समानता, सहयोग और सकारात्मकता के दीप जलाने की प्रेरणा दी।
पत्र के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी देशवासियों को एक बार फिर दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।