सोलन (अर्की). सीएम वीरभद्र सिंह के पक्ष में चुनाव प्रचार करते हुए उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने क्षेत्र की चमदार, लग, भ्यूंखरी, सौर, मलावन, क्यार-कानैता, मटेरनी, बलेरा, बड़ोग, सरली आदि पंचायतों में जनसभाओं को संबोधित किया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहाकि प्रदेश सरकार की 5 साल की विकासात्मक उपलब्धियां ही कांग्रेस सरकार को मिशन रिपीट करवाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर क्षेत्र में चहुमुखी विकास करवाया है। प्रदेश में ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है जहां पर सरकार द्वारा विकास कार्यों को तवज्जो न दी गई हो।
उन्होंने कहा जनता भाजपा के जुमलों से परिचित है जो कि पुनः कांग्रेस सरकार को सत्ता में लाने के लिए आतुर है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे 9 तारीख को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करके भाजपा को जवाब दें। ताकि आगामी सरकार कांग्रेस पार्टी की बन सके।
इससे पूर्व विकास समिति अर्की के संरक्षक राजेन्द्र ठाकुर ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज अर्की में जो विकास हुआ है वह मात्र मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की देन है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सातवीं बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेगें। इस मौके पर अर्की कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता व उपरोक्त गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।