नई दिल्ली. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने चुनाव आयोग (Election Commission of India) और भाजपा (BJP) पर एक बार फिर कड़े आरोप लगाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X – formerly Twitter) पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि भारत के चुनाव आयोग और भाजपा ने मिलकर वोट चोरी (vote fraud) की योजना बनाई है ताकि कांग्रेस को हराया जा सके।
राहुल गांधी ने उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा और कर्नाटक जैसे राज्यों का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां पर बड़े पैमाने पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी धोखा नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है। उन्होंने लिखा Vote Chori सिर्फ़ एक चुनावी घोटाला नहीं है, यह संविधान और लोकतंत्र के साथ किया गया बड़ा धोखा है। देश के गुनहगार सुन लें – वक्त बदलेगा, सजा जरूर मिलेगी।
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को दिया जवाब, मांगे सबूत
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को शपथ पत्र के जरिए अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत देने को कहा है। इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया, “मेरे शब्द ही मेरी शपथ हैं।” उन्होंने चुनाव आयोग से अनुरोध किया कि वे उनके द्वारा दिए गए आंकड़ों की जांच करें।
वीडियो में राहुल गांधी ने क्या कहा?
वीडियो में राहुल गांधी ने बताया कि वे एक राजनीतिक परिवार में पले-बढ़े हैं और चुनाव प्रक्रिया की गहरी समझ रखते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने 1980 के दशक में चुनावी पोस्टर बनाने से लेकर मतदान केंद्रों, मतदाता सूची और चुनाव संचालन की बारीकियों को जाना है।
राहुल ने हजारों फ़र्ज़ी वोटों के उदाहरण पेश किए, जिनमें कई नाम बिना वैध पते के थे, कई एक ही पते पर दर्ज थे और कई बार एक ही नाम मतदाता सूची में दोहराया गया था। उन्होंने विशेष रूप से बैंगलोर सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र का जिक्र किया, जहां ऐसी अनियमितताएं पाई गईं।