मंडी. हाल ही में ‘किसान बचाओ, हिमाचल बचाओ’ अभियान से हिमाचल अधिकार पार्टी का रूप लेने वाले संगठन के सदस्यों ने देशराज शर्मा की अगुवाई में शहर के सेरी चाणनी में एक दिन का सांकेतिक सत्याग्रह किया.
हिमाचल अधिकार पार्टी के सदस्य देशराज शर्मा ने बताया कि वे प्रदेश और केंद्र की सरकारों से लगातार एक लंबे समय से हिमाचल प्रदेश के प्राकृतिक संसाधन जैसे जल, जंगल, जमीन और सीमेंट आदि में प्रदेश की 50 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करवाने के लिए आंदोलन कर रहे हैं.
हिमाचल अधिकार पार्टी ने आने वाले समय में प्रदेश के जल संसाधनों में प्रदेश की हिस्सेदारी को सुनिश्चित करने के लिए सुंदरनगर के डैहर में जहां पर पावर हाउस स्थित है वहां पर प्रदेश के सभी पावर प्लांट्स में प्रदेश की हिस्सेदारी को प्राप्त करने के लिए सत्याग्रह करने का मन बनाया है.
हिमाचल अधिकार पार्टी अगले सप्ताह डैहर से अपने आंदोलन की शुरुआत करेगी. देशराज शर्मा ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लोगों के बीच में प्रमुखता से उठाया जाएगा और उनका समाधान करने के लिए प्रयास किए जाएंगे.