मंडी (सुंदरनगर). एनएच-21 पर जवाहर पार्क के पास एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं, एक अन्य घायल हो गया है. घायल को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है. बताया जा रहा है कि हादसा बीते रविवार करीब 2:30 बजे हुआ है. जानकारी के अनुसार बिलासपुर का रहने वाला ऋषि चंदेल (25) अपने एक दोस्त के साथ शादी में शरीक होने के लिए सुंदरनगर आया हुआ था.
समारोह से लौट रहे थे वापस
दोनों स्कूटी में सवार होकर समारोह से वापस लौट रहे थे कि अचानक जवाहर पार्क के समीप स्कूटी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऋषि चंदेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, उसका दोस्त घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को दी. 108 एंबुलेंस की मदद से घायल व्यक्ति को सुंदरनगर अस्पताल ले जाया गया. जहां उसकी गंभीर हालत को देखकर उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है. डीएसपी तरनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर छान-बीन में जुट गई है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.