शिमला ग्रामीण (शिमला). क्रिसमस और न्यू ईयर के मौके पर हिल्स क्वीन शिमला सैलानियों के स्वागत के लिए तैयार है. शहर को रंग बिरंगी लाइटों से सजाने का काम तकरीबन पूरा कर लिया गया है. होटलों दुकानों को खास तरीके से सजाया जा रहा है. शिमला के सभी होटल अगले एक सप्ताह के लिए पैक हो गए हैं. इनमें न्यू ईयर को लेकर कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी चल रही है.
सैलानियों को गाड़ी पार्क करने में कोई दिक्कत न आए
वहीं, शिमला आने वाले सैलानियों को गाड़ी पार्क करने में कोई दिक्कत न आए, इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. जिला प्रशासन ने सैलानियों को बड़ी राहत देते हुए शहर के 10 सील्ड रोड को पार्किंग के लिए खोल दिया है. अब शिमला आने वाले सैलानी इन रोड पर गाड़ी पार्क कर क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न का मजा ले पाएंगे. जिला प्रशासन के अनुसार चैड़ा मैदान, एडवांस स्टडी, शिल्ली चैक से छोटा शिमला आदि सील्ड रोड पर सैलानी गाड़ी पार्क कर सकेंगे.
क्रिसमस के लिए सुबह 11 बजे विशेष प्रार्थना
क्रिसमस के मौके पर सोमवार को शिमला के क्राइस्ट चर्च और कैथोलिक चर्च में सुबह 11 बजे विशेष प्रार्थना का आयोजन किया जाएगा. दोपहर दो बजे भी इसका आयोजन होगा. इसके अलावा सांता क्लाॅज बच्चों को सरप्राइज गिफट भी बांटेंगे.