नई दिल्ली. लोकसभा में आज भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष में उपलब्धियों पर विशेष चर्चा आयोजित की जाएगी। शुक्ला ने हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के मिशन को सफलतापूर्वक पूरा कर भारत लौटे हैं।
संसदीय मंत्री ने दी जानकारी
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने अपने ट्विटर हैंडल पर बताया कि संसद में शुभांशु शुक्ला के मिशन और अंतरिक्ष में भारत की महत्वाकांक्षाओं पर विशेष चर्चा होगी। उन्होंने लिखा कि हमारे नायक अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के सफल मिशन के बाद स्वदेश लौट आए हैं। संसद उनके ऐतिहासिक पड़ाव और अंतरिक्ष में भारत की बढ़ती महत्वाकांक्षाओं पर एक विशेष चर्चा के साथ उनका सम्मान करेगी।
पीएम मोदी से मुलाकात
शुभांशु शुक्ला आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात करेंगे। यह मुलाकात शाम 5 बजे से 5:30 बजे के बीच होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी ने 28 जून को शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन के दौरान उनसे बातचीत की थी। मोदी ने कहा कि यह व्यक्तिगत बातचीत थी, लेकिन इसमें 140 करोड़ भारतीयों की भावनाएं और उत्साह शामिल थे।
शुभांशु का भारत आगमन
शुभांशु शुक्ला रविवार सुबह भारत लौटे। उनके स्वागत के लिए इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, और ISRO अध्यक्ष वी. नारायणन मौजूद रहे।
लखनऊ में मातृ संस्थान द्वारा भव्य स्वागत
शुभांशु शुक्ला 25 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के बाद अपने गृहनगर लखनऊ लौटेंगे। उनके मातृ संस्थान सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (CMS), लखनऊ ने उनके सम्मान में भव्य समारोह और विजय परेड की योजना बनाई है। स्कूल ने निवासियों से सड़कों पर खड़े होकर झंडे लहराने और समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रण भी जारी किया है।
मिशन: अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) यात्रा
स्वागत स्थल: इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, दिल्ली
सम्मान समारोह: सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, लखनऊ
पीएम मोदी से मुलाकात: नई दिल्ली, शाम 5 बजे – 5:30 बजे