नई दिल्ली. अपडेट : दिल्ली मेट्रो का किराया बढ़ाये जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने फिलहाल अपना आंदोलन वापस ले लिया है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों से डीएमआरसी के अधिकारी मिलने पहुंचे. उन्होंने किराये कम करने पर विचार का आश्वासन दिया है. इसके बाद छात्रों ने एक सप्ताह के लिये आंदोलन वापस ले लिया है. बताते चलें कि दिल्ली मेट्रो की तरफ से किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद छात्रों ने रिंग रोड को बंद कर दिया था. जिसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की-फुल्की झड़प भी हुई थी.
मेट्रो किराया बढ़ाने के विरोध में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्र विश्वविद्यालय मेट्रो गेट पर प्रदर्शन कर रहे हैं. विभिन्न कॉलेजों से आये छात्रों ने मेट्रो गेट नंबर तीन को पूरी तरह जाम कर रखा है. छात्र केन्द्र सरकार या डीएमआरसी के अधिकारी के आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कर रहे हैं.
दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों से जुटे छात्र हाथों में “भाड़ा वृद्धि कम करो” की तख्तियां लिये हुये हैं. ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन के बैनर तले जुटे छात्र ‘महंगी मेट्रो नहीं चलेगी’, ‘मेट्रो फेयर रोल बैक’ के नारे लगा रहे हैं.
आइसा की विवि अध्यक्ष कंवलप्रीत कौर ने कहा कि हम तबतक यहां से नहीं उठेंगे जबतक कि केन्द्र सरकार या डीएमआरसी का कोई अधिकारी भाड़ा वृद्धि के फैसले को वापस लेने का आश्वासन नहीं दे देता है.
उन्होंने कहा, “विश्वविद्यालय मेट्रो क्यों है? जब इसका उपयोग छात्र ही नहीं कर सकते हैं. हम बढ़ाये हुआ भाड़ा वापस करने की मांग कर रहे हैं. केन्द्र एक साल में दो बार मेट्रो का किराया बढ़ा चुकी है. बार-बार किराया बढ़ाया जा रहा है. हम इसपर चुप नहीं रह सकते हैं. हम भाड़ा में बढ़ोत्तरी को बर्दाश्त करने वाले नहीं हैं.”
ताजा समाचार मिलने तक प्रदर्शन जारी था.