मंडी. राष्ट्रीय उच्च मार्ग 70 जालंधर मंडी वाया सरकाघाट धर्मपुर कोटली मंडी में विभाग द्वारा करीब दो माह से ज्यादा समय पहले सड़क को चौड़ा करने के लिए डंगों को लगाया गया है. लेकिन विभाग की ओर से अभी तक इन डंगों को नहीं भरा जा रहा है. जिसके कारण कभी भी कोई बड़ी घटना घट सकती है.
सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल
यहां सड़क पर डंगे लगाने के लिए सड़क की खुदाई की गई है. उसके कारण सड़क बहुत तंग हो गई है और नीचे से सड़क खोखली होने के कारण यहां से वाहन चालकों को गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है. लोगों ने लोनिवि से इस सड़क मार्ग पर लगे डंगों को भरने की मांग उठाई है.
स्थानीय लोगों ने डंगों को तुंरत भरने की मांग की
स्थानीय लोगों में विजय कुमार, श्यामलाल, विक्की, रूपलाल, नेकराम, रामप्रकाश, विधिचंद, भवानी दत, राजकुमार, करतार सिंह, शंकर सिंह, सुरेश कुमार, प्रवीण कुमार, विनोद कुमार, ठाकर दास, प्रताप सिंह, बबली देवी, इन्द्र सिंह, बलवंत कुमार, गायत्री दत, श्याम लाल और रेवतराम इत्यादि ने सड़क पर लगाये डंगों को तुंरत भरने की मांग की है.
कोई बड़ी घटना हो सकती है
लोगों ने कहा कि अगर विभाग जल्दी इन डंगों को नहीं भरता है तो लोग विभाग के खिलाफ सड़कों पर उतर विरोध करने को विवश हो जाएंगें. विभाग ने सड़क को चौड़ा करने के लिए ठेकेदार से डंगे तो लगवा दिए. लेकिन पिछले दो तीन महीने से भरा नहीं जा रहा है. अगर इन्हें जल्दी भरा न गया तो यहां कभी भी कोई बड़ी घटना हो सकती है. इस मार्ग की हालत इतनी खस्ता हो गई है कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं.
विभाग इस मार्ग को ठीक करने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा है. इधर, राष्ट्रीय उच्च मार्ग मंडल समीरपुर के अधिशाषी अभियंता एचएल शर्मा का कहना है कि ठेकेदार को तुरंत इन डंगों की खाली जगह को भरने के आदेश कर दिए है. जल्दी ही इन डंगों को भर दिया जाएगा.