नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि केंद्रीय बजट 2026-27 मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत पहल को नई गति देने वाला एक महत्वाकांक्षी रोडमैप प्रस्तुत करता है। एक वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष का बजट भारत की सुधारों की “रिफॉर्म एक्सप्रेस” को नई ऊर्जा और नया संवेग देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट आज की आकांक्षाओं को हकीकत में बदलता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखता है।
देश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करती हैं
प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि यह एक विशिष्ट बजट है, जो एक ओर राजकोषीय घाटा घटाने और महंगाई पर नियंत्रण पर केंद्रित है, वहीं दूसरी ओर उच्च पूंजीगत व्यय और तेज आर्थिक विकास को भी सुनिश्चित करता है। उन्होंने बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना, रेयर अर्थ कॉरिडोर के निर्माण और क्रिटिकल मिनरल सेक्टर को मजबूत करने जैसे सनराइज सेक्टर्स को दिए गए अभूतपूर्व समर्थन का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वस्त्र क्षेत्र के लिए नई योजनाएं, हाई-टेक टूल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा और चैंपियन एमएसएमई तैयार करने की घोषणाएं भी की गई हैं, जो देश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करती हैं।
बजट देश की नारी शक्ति की सशक्त भावना को दर्शाता है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बजट ऐतिहासिक है और देश की नारी शक्ति की सशक्त भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह बजट अवसरों का एक विशाल राजमार्ग है, जो वर्तमान के सपनों को पूरा करता है और भारत के उज्ज्वल भविष्य की नींव को और मजबूत करता है। उन्होंने यह भी कहा कि यह बजट 2047 तक विकसित भारत बनने की दिशा में देश की ऊंची उड़ान का आधार है। प्रधानमंत्री ने रेखांकित किया कि किए गए दूरगामी सुधार देश के महत्वाकांक्षी, साहसी और प्रतिभाशाली युवाओं को खुले आकाश में उड़ान भरने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि हर जिले में छात्राओं के लिए नए छात्रावास बनाने का अभियान शिक्षा को और अधिक सुलभ बनाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी और मत्स्य पालन को सरकार द्वारा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस बजट में नारियल, काजू, कोको और चंदन के उत्पादन से जुड़े किसानों के लिए महत्वपूर्ण उपाय किए गए हैं। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि बजट में किए गए प्रावधान विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने वाले, नवाचार करने वाले और सृजनकर्ता तैयार करेंगे।
