हमीरपुर. जिले के अलग-अलग इलाकों में लगातार हो रही चोरियों का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर ही लिया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने लगातार नौ चोरियों को अंजाम दिया. आरोपी रामपाल निवासी बरमाणा बिलासपुर को अदालत के सामने पेश किया गया. अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है.
एसपी रमन कुमार ने बताया कि बड़सर के ढटवाल क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले व्यक्ति को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी रामपाल पुत्र तुलसी राम जिला बिलासपुर के बरमाणा क्षेत्र से संबंध रखता है तथा आरोपी ने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है.
बता दें कि ढटवाल क्षेत्र की पंचायत जमली व बड़ाग्राम में एक रात में 9 जगहों पर चोरों ने सेंधमारी कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था. इसी रात एएनएम पब्लिक स्कूल बड़ाग्राम में भी चोरी की वारदात हुई. स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर का चेहरा कैद हो गया था. पुलिस कैमरे की फुटेज के आधार पर पिछले 2 माह से छानबीन में जुटी हुई थी. थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस टीम ने चोर को जिला बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया है.