शिमला. मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे के चुनाव लड़ने को लेकर जारी सस्पेंस खत्म हो गया है। कांग्रेस हाईकमान ने कौल सिंह की बेटी के साथ साथ सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे को भी चुनाव लड़ने के लिए टिकट दे दिया है। इसके साथ ही विक्रमादित्य सिंह के चुनाव लड़ने को लेकर कई दिन से जारी सस्पेंस भी खत्म हो गया।
विक्रमादित्य सिंह शिमला ग्रामीण सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। यहां उनका सीधा सामना भाजपा के प्रमोद शर्मा से होगा। विक्रमादित्य सिंह सोमवार को नामांकन भरने जा रहे है।
उनके साथ सीएम वीरभद्र सिंह भी मौजूद रहेंगे। विक्रमादित्य सिंह चैड़ा मैदान से उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकालेंगे। इसके बाद एसडीएम ग्रामीण कार्यालय में जाकर अपना नामांकन भरेंगे। नामांकन से पहले होने वाली रैली में हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा के प्रमोद शर्मा भी आज भरेंगे नामांकन
उधर, भाजपा के प्रमोद शर्मा भी आज अपना नामांकन भरेंगे। उनके साथ भी भाजपा के कई दिग्गज नेता रैली निकालने वाले है। प्रमोद अब तक तीन चुनाव लड़ चुके हैं और उन्हें अभी तक पहली जीत का इंतजार है।
वह इससे पहले आजाद उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरते रहे है। इस बार उन्हें भाजपा की ओर से टिकट मिला है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस सीट पर कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर देखने को मिलेगी।