शिमला. मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पार्टी जनों को ष़ड्यंत्रकारियों से सचेत रहने का आह्ववाहन करते हुए कहा कि उनका मन साफ है और वह साफ बात करने से कभी कोई गुरेज नहीं करते. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनका घर है और जब तक उनका जीवन है तब तक वह कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं.
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने संगठन में सीधे चुनावों की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि किसी भी चुनाव से संगठन को मजबूती मिलती है. चुनाव से नया जोश आता है और नेताओं को बल मिलता है.
उन्होनें कहा “आज देश में पार्टी की कमजोरी की मुख्य वजह उन्हे पिछले कई सालों से चुनाव न होना ही लगता है. कांग्रेस पार्टी प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ आगामी विधान सभा चुनावों में उतरेगी और फिर से प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी.”
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुशील कुमार शिंदे का प्रदेश प्रभारी बनने पर खुशी एवं बधाई देते हुए कहा कि उनके राजनैतिक अनुभव से प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी. उन्होनें रणजीत रंजन को सहप्रभारी बनने पर भी बधाई दी.
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बैठक में आए सभी पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जाहिर की कि बैठक में चर्चा के सार्थक परिणाम मिलेंगे और सभी पदाधिकारी पार्टी की मजबूती के लिए एकजुट होकर आपसी मतभेद भुला कार्य करेंगे.