धर्मशाला. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को साकार करने के लिए पश्चिम बंगाल से चला स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए जयदेव राऊत पहाड़ी क्षेत्र धर्मशाला पहुंच गया है.
देश के जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए साइकिल पर सवार होकर जयदेव ने धर्मशाला पहुंचकर बताया कि स्वच्छता ही स्वस्थ जीवन का आधार है. इस पर ही पर्यावरण संरक्षण की नींव टिकी हुई है. उनका उद्देश्य है कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सके. भारत विश्व में स्वच्छता के मामले में पहले पायदान पर आए. इसलिए उन्होंने लोगों को जागरूक करने के लिए यह साइकिल यात्रा शुरू की है.
जयदेव 26 फरवरी को पश्चिम बंगाल के जिला हुगली के चापदानी गांव से साइकिल पर सवार होकर जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के लिए निकले हैं. जयदेव ने पिता की मौत पर भी अभियान को रुकने नहीं दिया. जयदेव बताते हैं, वह न तो अभिनेता हैं और न ही नेता न ही इतने सक्षम हैं कि टीवी पर स्वच्छता का प्रचार कर सकें. इसलिए इस अभियान को गति देने के लिए साइकिल पर ही देश की यात्रा शुरू की है. वह संकल्प पूरा किए बगैर नहीं लौटेंगे.