हमीरपुर. मौसम में तब्दीली के साथ ही ठंड ने दस्तक दे दी है। सुबह व शाम के समय जिले के कई क्षेत्रों में कंपा देने वाली ठंड महसूस की जा रही है।
कुछ दिन पहले तक गर्म मौसम अब एकदम से सर्द हो गया है। दिन भर चलने वाले पंखों पर भी विराम लग गया है। यहां तक कि लोग देर शाम के समय गर्म कपड़ों में दिख रहे हैं। मौसम में अचानक हुए इस बदलाव से जहां ठंडक ने दस्तक दे दी है। वहीं कई बीमारियों ने सिर उठा लिया है। ज्यादातर लोग सर्दी-जुकाम-खांसी की चपेट में आ रहे हैं।
बताते चलें कि बरसात के बाद मौसम में काफी बदलाव आया था। अचानक खिली धूप से जिले का तापमान 40 डिग्री तक पहुंच गया था। ऐसे में लोगों के पंखे दिन भर चल रहे थे। पिछले करीब तीन दिनों से जिला में ठंडक ने एंट्री मारी है। शाम सात बजे के बाद दोपहिया वाहनों पर सफर करना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहनों पर लोग गर्म वस्त्र पहनकर सफर कर रहे हैं।
इसके साथ ही जिले के कई क्षेत्रों में सुबह के समय ठंड पड़ रही है। सुबह के समय कमरों से बाहर निकलते ही कंपकपी शुरू हो रही है। लोगों ने अब आग का सहारा लेना शुरू कर दिया है। लोगों का कहना है कि अगर अक्तूबर में ही हालत ऐसे हैंए तो आगामी चार माह में इस बार ठंड रिकार्ड तोड़ सकती है।
दिसंबर, जनवरी व फरवरी महीने को सबसे ठंडा माना जाता है। इस आधार पर नवंबर महीने में ठंडक दस्तक देती है। इस बार अक्तूबर में ही ठंड पड़ना शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि सुबह-शाम जितनी ठंड पड़ रही है, उसकी वजह से कमरे से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्हें ठंडक से निजात के लिए आग का सहारा लेना पड़ रहा है