नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर आम तौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं। इसके साथ गरज-चमक, बिजली कड़कने और 30 से 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनके झोंके 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं।
बारिश और तेज हवाओं का असर गुरुवार को भी देखने को मिला, जिससे राजधानी के तापमान में अच्छी-खासी गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस महीने का अब तक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। कई दिनों की गर्मी के बाद लोगों को इससे राहत मिली है।
महीने अब तक औसतन 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है
इस ताजा बारिश के बाद मार्च का महीना पिछले 3 साल में सबसे ज्यादा भीगा हुआ मार्च बन गया है। राजधानी में इस महीने अब तक औसतन 9.4 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो मार्च के सामान्य औसत 12.6 मिमी के काफी करीब पहुंच चुकी है। इससे पहले मार्च 2023 में इससे ज्यादा 50.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
गुरुवार को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में अलग-अलग मात्रा में बारिश रिकॉर्ड की गई। सफदरजंग में 8.2 मिमी, पालम में 6.2 मिमी, लोधी रोड में 8.2 मिमी, रिज में 8.6 मिमी और आयानगर में 7.2 मिमी बारिश हुई। वहीं पीतमपुरा में 5.5 मिमी, पूसा में 11.0 मिमी, मयूर विहार में 3.0 मिमी और जनकपुरी में 12.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
IMD ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और जरूरत पड़ने पर ही बाहर निकलें। खासकर खुले इलाकों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।
