हमीरपुर. हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी बसों को लेकर शिकायत आती रहती है. कहीं बस आती नहीं और कहीं तो इक्का-दुक्का बसें ही आती हैं. अब नया मामला सामने आया है, जहां बसें चल तो रही है लेकिन आधे रास्ते से ही वापस आ जाती है.
एचआरटीसी हमीरपुर डिपो की जाहू से हमीरपुर वाया कांगू, गलू, कंज्याण होकर जाने वाली बस जो भरेड़ी से नबलाख तक जाती है जदोह से ही वापस आ रही है. जिससे चार पंचायतों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
यह बस ग्रामीणों व कॉलेज के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लगाई गई है. इस इलाके में यह पहली ही बस है, जो नबलाख तक चलाई गई है. इससे स्कूली, कॉलेज व नौकरी वाले लोगों को बहुत लाभ मिलता है. लेकिन आजकल इस बस को आधे रास्ते जड़ोह से ही वापस कर दिया जा रहा है, जबकि नबलाख तक सड़क भी ठीक है.
ग्रामीणों ने हमीरपुर एचआरटीसी के अधिकारी से मांग की है कि इस बस को तय रूट तक चलाया जाए. वहीं उपमंडलीय प्रबंधक हमीरपुर अनूप राणा ने बताया कि इसकी कोई जानकारी उन्हें नहीं है. अगर बस तय स्थान तक नहीं जा रही है तो इस बारे में ड्राइवर और कंडक्टर से पूछा जाएगा.