शिमला. सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति कुरियन जोसफ ने आज बालिका आश्रम टुटीकंडी का दौरा किया. इस अवसर पर उनके साथ उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायधीश संजय करोल, न्यायधीश धर्मचंद चैधरी, न्यायधीश तरलोक चैहान, न्यायधीश विवेक सिंह ठाकुर, न्यायधीश संदीप शर्मा, न्यायधीश अजय मोहन गोयल न्यायधीश सी.वी.बरोवालिया, भी उपस्थित थे. यह जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी राकेश भारद्वाज ने दी.
उन्होंने बताया कि न्यायमूर्ति कुरियन जोसफ ने बालिकाओं से अपने जीवन के लक्ष्य को निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने बालिकाओं को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए एकाग्रता व तन्मयता से अग्रसर होने को कहा. जोसेफ़ ने विभाग द्वारा बालिका आश्रम में प्रदान की जा रही सुविधाओं तथा राज्य में किशोर न्याय समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की. उन्होंने बालिकाओ के साथ नाश्ता किया तथा बच्चों को फल भी भेंट किए.
निदेशक महिला एवं बाल विकास मानसी सहाय ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय के न्यायधीश, न्यायमूर्ति कुरियन जोसफ तथा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के उपस्थित न्यायधीशों का स्वागत भी किया.
इस अवसर पर उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर, जिला एवं सत्र न्यायालय न्यायधीश, वीरेन्द्र कुमार, हिमाचल प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव यशवंत चोगल तथा संयुक्त निदेशक महिला एवं बाल विकास आर.एस.गुलेरिया व अन्य अधिकारी उपस्थित थे.