नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज बाल दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूलों और संगठनों से आए बच्चों के साथ राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में संवाद किया। इस खास मौके पर राष्ट्रपति ने बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें देश का भविष्य बताते हुए उनके सर्वांगीण विकास की जरूरत पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर साझा संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू ने लिखा कि बच्चे राष्ट्र की नींव हैं, और उन्हें आत्मविश्वासी तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बाल दिवस बच्चों को प्रेरणा देने का अवसर है, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने राष्ट्रपति से बातचीत की और अपने हुनर का प्रदर्शन भी किया। कुछ बच्चों ने ‘वंदे मातरम’ गाया, जबकि कई ने कविताएं सुनाकर माहौल को आनंदमय बना दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
