नई दिल्ली. केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। दो अन्य उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज होने के बाद पुरी ही चुनाव मैदान में रह गए थे। गुरुवार, 5 नवंबर को रिटर्निंग ऑफिसर ने उन्हें निर्वाचित घोषित कर दिया। हालांकि, कांग्रेस ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया है और अदालत में चुनौती देने की बात कही है।
यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। भाजपा ने इस सीट से हरदीप सिंह पुरी को उम्मीदवार बनाया था। उनके नामांकन के दौरान मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल समेत पार्टी के कई नेता मौजूद थे।
दो उम्मीदवारों के नामांकन हुए खारिज
निर्दलीय उम्मीदवार कांटे सयन्ना और कांग्रेस समर्थित राजकुमार लोहानी के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिए गए थे। इसके बाद पुरी अकेले उम्मीदवार रह गए और उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया।
पुरी के नामांकन पर भी उठे थे सवाल
हरदीप सिंह पुरी के नामांकन पत्र पर भी आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। निर्दलीय उम्मीदवारों और कांग्रेस नेता हेमंत कटारे ने दावा किया था कि उनके फॉर्म-26 के साथ जमा किया गया हलफनामा अधूरा और नियमों के अनुरूप नहीं है।
रिटर्निंग ऑफिसर उमेश शर्मा ने इन आपत्तियों की जांच की। अपने आदेश में उन्होंने कहा कि पुरी के नामांकन पत्रों में कोई ऐसी कमी नहीं मिली, जिसके आधार पर उन्हें खारिज किया जा सके। साथ ही, जनप्रतिनिधित्व कानून (Representation of the People Act) के किसी प्रावधान का उल्लंघन भी नहीं पाया गया।
कांग्रेस ने फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही
कांग्रेस नेता हेमंत कटारे और विधायक आतिफ अकील ने रिटर्निंग ऑफिसर के फैसले को अदालत में चुनौती देने की बात कही है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि महत्वपूर्ण कमियां होने के बावजूद नामांकन पत्रों को स्वीकार किया गया। पार्टी ने इस फैसले को भारतीय लोकतंत्र पर हमला बताया है।
एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
मध्य प्रदेश की यह राज्यसभा सीट केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। हरदीप सिंह पुरी फिलहाल उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद हैं। उनका मौजूदा कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त होना है।
राजनीति में आने से पहले राजनयिक रहे पुरी
राजनीति में आने से पहले हरदीप सिंह पुरी ने करीब 39 साल तक भारतीय विदेश सेवा (IFS) में काम किया। वह 1974 बैच के अधिकारी थे और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। फरवरी 2013 में वह विदेश सेवा से सेवानिवृत्त हुए। इसके बाद 2 जनवरी 2014 को भाजपा में शामिल हुए और उसी साल केंद्र में मोदी सरकार बनने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिली।
